इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गो एयर की ओर से लखनऊ, चंडीगढ़ और बेंगलूरू की फ्लाइट शुरू की जा रही है, जो 12 दिसंबर से उड़ेंगी। गो एयर विमानन कंपनी की ओर से यह फ्लाइट 20 मार्च तक चलाई जाएगी। इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 28वीं डोमेस्टिक फ्लाइट शुरू होगी। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ सुनील दत्त ने बताया कि यह फ्लाइट्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हर मंगलवार को चलेगी। ये फ्लाइट्स महीने में हर मंगलवार को चार फेरे लगाएगी।
सीईओ सुनील दत्त ने बताया कि अगर पैसेंजर का रुझान अच्छा रहा तो इस फ्लाइट्स को आगे तक बढ़ाया जा सकता हैं। गो एयर की फ्लाइट सुबह 11.15 बजे लखनऊ से चलेगी और दोपहर 12.40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। लखनऊ से चंडीगढ़ आने में 1.25 घंटे का समय लगेगा। वहीं दोपहर 1.10 बजे चंडीगढ़ से बेंगलूरू के लिए उड़ान भरेगी और 4.05 बजे बेंगलूरू पहुंचेगी।
हैदराबाद-चंडीगढ़ की उड़ान बंद
स्पाइस जेट की उड़ान संख्या एसजी 881, 882 हैदराबाद-चंडीगढ़ हैदराबाद को इस ठंड में बंद करने की घोषणा कर दी है। एयरपोर्ट मैनेजर दीपेश जोशी ने बताया कि इस विंटर सीजन में इस उड़ान को बंद कर दिया गया है। स्पाइस जेट की उड़ान हैदराबाद चंडीगढ़-हैदराबाद जो सुबह 10.50 बजे की है इसे बंद करने की घोषणा कर दी है।