गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में यूथ फेस्टिवल के दौरान अज्ञात लोगों ने हवाई फायर कर दिया। हालांकि फायरिंग में कोई जख्मी नहीं हुआ।
यूनिवर्सिटी के सुरक्षा अधिकारी हरबंस सिंह ने बताया कि यूनिवर्सिटी में यूथ फेस्ट चल रहा है। वीरवार को फेस्टिवल का दूसरा दिन था। इस दौरान यूनिवर्सिटी के पुराने छात्र भी इसमें शामिल होने आए थे। वे कैंटीन में बैठे हुए थे। इस दौरान एक ग्रुप के लोगों ने दूसरे ग्रुप के व्यक्ति पर चाय डाल दी। इसके बाद दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई।
इसी दौरान एक पक्ष के गुरबीर ने अपनी गाड़ी से पिस्तौल निकाली और हवाई फायर करने शुरू कर दिए। इससे यूनिवर्सिटी में दहशत का माहौल बन गया। यूनिवर्सिटी के सुरक्षा के अधिकारियों के पहुंचने पर दोनों पक्षों के छात्र वहां से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने थाना कैंट की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस संबंध में एसीपी अमनदीप सिंह बराड़ से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुरबीर सिंह, उसके साथी बिका और उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास करने का मामला दर्ज कर लिया है। इनको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस पार्टी छापामारी कर रही है।