चंडीगढ़। बाइक सवार दो बदमाश घर के पास सैर कर रही एक युवती की चेन झपटकर फरार हो गए। युवती जब तक चिल्लाती, तब तक बदमाश भाग चुके थे। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से युवती ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में डड्डूमाजरा निवासी प्रीति ने बताया कि 9 जुलाई की रात वह अपनी सहेली के साथ घर के पास ही सैर कर रही थी। इस दौरान बाइक पर आए दो बदमाशों ने गले से चेन झपट ली। वह कुछ समझ पाती, तब तक दोनों भाग निकले। युवती का कहना है कि अंधेरे के कारण वह बाइक सवारों या बाइक के नंबर को नहीं देख सकीं। मलोया पुलिस फिलहाल आसपास के सीसीटीवी कैमरा खंगालने में जुटी है।