24 मार्च को ऑनलाइन ऑर्डर किया था केक, 25 को हो गई थी बच्ची की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला में 24 मार्च को जन्मदिन पर केक खाने से 10 साल की बच्ची की मौत हो गई थी, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्यों की तबीयत खराब हो गई। पुलिस ने मामले में परिजनों की शिकायत पर संबंधित बेकरी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान मानवी के तौर पर हुई है।
अमन नगर निवासी परिवार के मुताबिक 24 मार्च को मानवी का जन्मदिन था। मां काजल ने बताया कि शाम को उन्होंने ऑनलाइन केक ऑर्डर किया था। सभी ने बड़े चाव के साथ केक खाया। लेकिन थोड़ी देर बाद सभी की तबीयत खराब होने लगी। सबको उल्टियां होने लगीं। 10 साल की मानवी की अगले दिन 25 मार्च की सुबह अस्पताल में मौत हो गई। मानवी ने पांचवीं कक्षा अच्छे नंबरों से पास की है।
बचे केक के सैंपल लेकर जांच को भेजेंगे: पुलिस
संबंधित थाना अनाज मंडी के इंचार्ज एसआई गुरमीत सिंह ने बताया कि 25 मार्च को बच्ची मानवी की मौत के बाद पुलिस की ओर से पहले मामले में धारा 174 सीआरपीसी की तहत कार्रवाई की गई थी। लेकिन बाद में परिवार वालों ने केक खाने से मौत होने का शक जाहिर किया। इसके बाद मां काजल के बयान पर अब बेकरी शाॅप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। क्योंकि बिल बेकरी शाप के नाम पर ही कटा है। बच्ची का विसरा जांच के लिए भेज दिया गया है। परिवार से बाकी बचे केक का सैंपल लेकर भी एफएसएल जांच को भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर मामले में बाद में बेकरी के मालिक के नाम को शामिल किया जा सकता है। बच्ची की मां जालंधर स्थित अपने पति से तलाक के बाद मायके परिवार रहती थी। वह आईटी पार्क मोहाली में काम करती है।