मोहाली। गांव कुंभड़ा में एक 23 साल की लड़की ने पंखे के साथ फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान शिल्पी (23) निवासी फाजिल्का के रूप में हुई है। थाना फेज-8 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी नरिंदर सूद ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि कुंभड़ा के एक पीजी में किसी लड़की ने आत्महत्या की है। इसके बाद मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फेज-6 की मोर्चरी में भिजवाया। कमरे की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सोमवार को मृतका के गांव से पिता और परिवार के अन्य सदस्य पहुंचे। उन्होंने किसी पर शक नहीं जताया और पुलिस कार्रवाई कराने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने युवती का शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया। शव मिलने के बाद परिवार फाजिल्का के लिए रवाना हो गया। परिवारवालों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है लेकिन फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती मोहाली पढ़ने के लिए आई थी। इसके अलावा वह पार्ट टाइम पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में छोटे-मोटे रोल भी करती थी। सूत्रों से पता चला है कि युवती तनाव में थी।