श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह।
- फोटो : एएनआई (फाइल)
तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार व अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि पंजाब के पानी के मुद्दे को लेकर कोई भी सरकार गंभीर नहीं है। इस मुद्दे को हर राजनीतिक पार्टी सिर्फ राजनीति करने के लिए इस्तेमाल करती हैं। पंजाब में पानी की हालत बहुत दयनीय है।
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि पंजाब के पास पहले ही अपनी जरूरत से भी कम पानी है। एसवाईएल का मुद्दा सारे पंजाबियों से जुड़ा है। इस मुद्दे पर पंजाब के हर धर्म के लोगों को आगे आना चाहिए। मगर सुनियोजित राजनीति के तहत इसे सिखों का मुद्दा बनाकर पेश किया जा रहा है।
पंजाब की मान सरकार को इस संबंधी सख्त स्टैंड लेते हुए पंजाब के पक्ष में खड़ा होना चाहिए। जत्थेदार के कहा कि राज्य में नशा बहुत बढ़ गया है। कोई भी पार्टी इसे लेकर गंभीर नहीं है। उनके नोटिस में आया है कि डेरा सच्चा सौदा के श्रद्धालु हरियाणा में बड़ी संख्या में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव के वोट बना रहे हैं, जो खतरे की बात है। वोट सिख मर्यादा के अनुसार बनाए जाने चाहिए।