सेक्टर-48 के निवासियों को इस महीने से इंडियन ऑयल कंपनी (आईओसी) और अडानी गैस के संयुक्त प्रोजेक्ट पीएनजी गैस पाइप लाइन से कनेक्शन मिलने लगेंगे। 11 नवंबर से योजना के शुभारंभ के बाद से सबसे पहले सेक्टर-49 में कनेक्शन बांटे गए। वहीं कंपनी की योजना अब शहर में तीन नए सीएनजी स्टेशन शुरू करने की भी है। इसके लिए कंपनी ने अप्लाई भी कर दिया है।
पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड की ओर से इंडियन ऑयल और अडानी गैस लिमिटेड को अलाट किए गए प्रोजेक्ट के अधिकारी संजीव शर्मा के अनुसार कंपनी अगले 20 दिनों में सेक्टर-48 में कनेक्शन देना शुरू कर देगी। सेक्टर के अंदर पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके बाद एरिया में कैंप लगाकर फार्म बांटे जाएंगे। आवेदन के साथ ही एरिया में कनेक्शन शुरू हो जाएंगे।
इसके अलावा सेक्टर-50 और धनास में भी जल्द ही कनेक्शन देने शुरू हो जाएंगे। उम्मीद है कि सेक्टर-50 में फरवरी के शुरुआत और धनास में फरवरी के अंत तक पाइप लाइन से गैस सप्लाई शुरू हो जाएगी। शर्मा के अनुसार सेक्टर-49 में अब तक 210 घरों में गैस पाइप लाइन से गैस की सप्लाई हो रही है।