ईरान-इस्राइल में जारी युद्ध के बीच ट्राइसिटी में एलपीजी सिलिंडर को लेकर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। चंडीगढ़ प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू कर सख्ती बढ़ा दी है।
प्रशासन का दावा है कि शहर में घरेलू सिलिंडर की कोई कमी नहीं है और रोजाना करीब 9 हजार सिलिंडर सप्लाई के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर हालात अलग नजर आ रहे हैं। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं और कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा। अधिकारियों के अनुसार पैनिक बाइंग और जमाखोरी के कारण बुकिंग डेढ़ गुना तक बढ़ गई है, जिससे सप्लाई सिस्टम पर दबाव पड़ा है।
कॉमर्शियल गैस की किल्लत सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है। सप्लाई में करीब 80 फीसदी तक कटौती होने से होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर प्रभावित है। चंडीगढ़ के सेक्टर-26 और 7 सहित कई इलाकों में रेस्टोरेंट्स ने मेन्यू में कटौती कर दी है, जबकि कुछ जगहों पर चुपके से कॉमर्शियल सिलिंडर देने की शिकायतें भी सामने आई हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घबराकर अतिरिक्त सिलिंडर न खरीदें और जहां संभव हो, पीएनजी का उपयोग करें, जिसकी सप्लाई सामान्य बनी हुई है।
मनीमाजरा में घर-घर डिलीवरी बंद होने से उपभोक्ताओं को एजेंसी कार्यालय के बाहर लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। गैस की कमी के डर से लोग खुद ही एजेंसी पहुंचकर बुकिंग करवा रहे हैं। स्थिति यह है कि कार्यालय से पर्ची काटकर सिलिंडर दिए जा रहे हैं। अव्यवस्था के बीच ओवरचार्जिंग और चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं, जहां एक व्यक्ति का सिलिंडर साइकिल से चोरी हो गया। वहीं, केवाईसी प्रक्रिया ने भी परेशानी बढ़ा दी है।
मनीमाजरा में गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर चोरी की घटना सामने आई है। साइकिल पर सिलेंडर लेने पहुंचे एक व्यक्ति का सिलेंडर गोदाम के बाहर ही अज्ञात व्यक्ति उठा ले गया। वह व्यक्ति काफी देर तक सिलिंडर की तलाश करता रहा लेकिन पता नहीं चलने पर पुलिस को शिकायत दी।
मोहाली और जीरकपुर में रेस्टोरेंट संचालकों ने बढ़ती लागत के कारण खाने-पीने की वस्तुओं के दाम 30 से 40 फीसदी तक बढ़ा दिए गए हैं। वहीं ब्लैक में 2500-3500 रुपये तक सिलिंडर बिक रहा है। पंचकूला में घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। ऑनलाइन बुकिंग सिस्टम बंद होने से लोग गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनों में लग रहे हैं। बुकिंग के बाद सिलिंडर मिलने में 8 से 10 दिन तक का समय लग रहा है।