10 अप्रैल को मतदान वाले दिन अधिक से अधिक वोटरों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के लिए पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के प्रधान अपने स्तर से प्रयास करें। यह कहना है जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. एसएस फुलिया का। वह शनिवार को पेट्रोल पंप मालिक, गेस एजेंसी मलिक, रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों के प्रधान और स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. फुलिया ने कहा कि प्रशासन की ओर से नौ मार्च को सभी मतदान केंद्रों पर वोट बनाने की दिशा में पुख्ता प्रबंध किए हैं। सभी 375 मतदान केंद्रों पर बीएलओ नियुक्त गिए हैं, ताकि वोट बनवाने में किसी को असुविधा न हो। मौके पर ही फार्म नंबर छह उपलब्ध होगा। वोट बनाने के लिए रिहायशी प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आयु प्रमाण पत्र फार्म के साथ संलगभन करना होगा। उन्होंने पेट्रोल पंप मालिकों से कहा कि पंपों पर सैकड़ों की तादात में लोग आते हैं, जिन्हें वोट बनवाने व डालने की दिशा में प्रेरित करें। गैस एजेंसी मालिकों से कहा उपभोक्ताओं को सिलेंडर की पर्ची देते समय उस पर वोट बनवाने व डालने की दिशा में स्लोगन प्रकाशित करवाएं।
उपायुक्त ने रेजिडेंट्स वेलफेयर ऐसोसिएशनों के प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे अपने आस-पास व सेक्टरों में नौ मार्च को संबंधित मतदान केन्द्रों पर, जिनके वोट नहीं बने वोट बनवाने के लिए प्रेरित करें। गैस एजेंसियों के मालिक भी इसका अनुसरण करते हुए मतदाता को जागरूक करें। केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त जागरूकता पर्यवेक्षक जेआरएम पवार ने कहा कि हरियाणा देश का अग्रणी राज्य है, लेकिन मत के प्रयोग में अभी भी जागरूकता की कमी है। अतिरिक्त उपायुक्त एसपीअरोड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में जितना अधिक मतदान का प्रतिशत होगा, उससे उतने बेहतर निर्णय लेने के परिणाम भी आएंगे।
19 सेक्टर-14 में प्रदर्शनी
उन्होंने आदर्श आचार संहिता की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि 19 से 23 मार्च तक राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं को मताधिकार के प्रयोग के प्रति प्रेरित करने के लिए प्रदर्शनी लगाई जाएगी।