चंडीगढ़। बुड़ैल जेल के भीतर गैंगस्टरों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। फैक्ट्री एरिया में आपसी रंजिश के चलते तीन कुख्यात गैंगस्टर आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर लोहे के एंगल से हमला कर दिया। इस हमले में एक कैदी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।
घायल गैंगस्टर की पहचान कैलाश चौहान निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई है। वह गैंगस्टर भुप्पी राणा की हत्या की साजिश रचने के आरोप में बुड़ैल जेल में बंद है। वहीं उस पर हमला करने वाले कैदियों की पहचान अमृतपाल सिंह उर्फ गुज्जर और मंजीत उर्फ मोटा राहुल के तौर पर हुई है। मंजीत बुड़ैल के सोनू शाह हत्याकांड में शामिल रह चुका है जबकि अमृतपाल सेक्टर-5 में कारोबारी कुलदीप सिंह मक्कड़ के घर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। तीनों कैदी एक ही बैरक में बंद थे।
फैक्ट्री एरिया में अचानक भड़की हिंसा
जेल वार्डन तरुण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फैक्ट्री एरिया में ड्यूटी पर तैनात था। सुबह करीब 11:30 बजे तीनों कैदी अचानक फैक्ट्री की ओर दौड़ पड़े और वहां रखे लोहे के एंगल उठाकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे। वार्डन और अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो कैदियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की भी की। हालात बेकाबू होते देख जेल प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त बल बुलाया। कड़ी मशक्कत के बाद कैदियों को काबू में किया गया, लेकिन तब तक कैलाश चौहान गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना पर सेक्टर-49 थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल प्रशासन ने भी आंतरिक जांच के संकेत दिए हैं।