चंडीगढ़। शहर में गैंगस्टरों के बढ़ते दबदबे को देख अब यूटी पुलिस की क्राइम ब्रांच भी चौकस हो गई है। सोनू शाह हत्याकांड मामले में क्राइम ब्रांच गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी राजू बिसौदी व उसके साथी अभिषेक को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। दोनों आरोपी तीन दिन के प्रोडक्शन रिमांड पर है। गैंगस्टर राजू बिसौदी को हरियाणा एसटीएफ ने फरवरी में गिरफ्तार किया था।
क्राइम ब्रांच हरिंदर सिंह सेखों की अगुवाई में टीम हरियाणा की जेल में बंद गैंगस्टर राजू बिसौदी और उसके साथी अभिषेक को कड़े पहरे में चंडीगढ़ लेकर पहुंची। पुलिस की अब तक की जांच में सोनू शाह हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई के इशारे पर राजू बिसौदी ने गोलियां चलवाई थीं जबकि हिसार निवासी अपराधी किस्म के अभिषेक का आरोपियों को कार मुहैया करवाने में नाम सामने आया था। आरोपी वारदात को अंजाम देकर कार में फरार हो गए थे। टीम अब इन दोनों आरोपियों से देर रात तक सोनू हत्याकांड में पूछताछ करती रही कि वारदात की गतिविधियों में और कौन शामिल रहा था।
50 हजार का इनाम था बिसौदी पर
बता दें की सोनू शाह हत्याकांड के बाद यूटी पुलिस और क्राइम ब्रांच जब राजू बिसौदी को दबोचने में नाकाम रही तो उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया था। इस केस अभी भी पुलिस को गैंगस्टर काला राणा की तलाश है जो सोनू शाह हत्याकांड की जिम्मेदारी भी ले चुका है। इसके अलावा क्राइम ब्रांच की टीम गुरलाल के बराड़ के हत्या मामले में भी पूछताछ कर रही है। टीम को आशंका है कि इन आरोपियों से गुरलाल हत्याकांड में भी कुछ अहम लीड मिल सकती है।
यह था मामला
28 सितंबर को सोनू शाह अपने साथियों जोगिंदर और परविंदर के साथ बुड़ैल स्थित अपने दफ्तर में बैठा हुआ था। इस दौरान तीन युवक अंदर घुसे और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस हमले में सोनू के सिर और छाती पर दस गोलियां लगीं जबकि जोगिंदर और परविंदर उर्फ रोमी के एक एक गोली लगी। वारदात के करीब एक घंटे बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने फेसबुक पर सोनू की हत्या की जिम्मेदारी ली जबकि इसके अगले दिन लॉरेंस गैंग के ही राजू बिसौदी ने भी हत्या की जिम्मेदारी ले ली थी। बाद में क्राइम ब्रांच ने हत्यारों को पनाह देने वाले होटल मैनेजर धर्मेन्द्र को गिरफ्तार किया था जबकि हत्यारे शूटर मंजीत, शुभम प्रजापति उर्फ बिगनी और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ कर चुकी है।