चंडीगढ़। बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक और इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी हत्याकांड में सीबीआई ने पंचकूला स्थित विशेष अदालत में पहली चार्जशीट पेश की है। चार्जशीट में सीबीआई ने इंग्लैंड के गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू का नाम शामिल किया गया है। चार्जशीट के अनुसार गैंगस्टर ने नफे सिंह राठी की लोकेशन जानने के लिए उनकी गाड़ी में एक जीपीएस सिस्टम भी लगाया था। उसी लाइव लोकेशन के आधार पर आरोपियों ने घेरकर उन पर फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में अगली सुनवाई 2 जुलाई को होगी।
सीबीआई जांच में सामने आया है कि चार शूटरों और इंग्लैंड में छिपे गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू ने सिग्नल एप के माध्यम से बातचीत की थी। चार्जशीट के अनुसार, चार शूटरों में से एक सचिन को अमित गुलिया ने 17 फरवरी को फेसबुक मैसेंजर के जरिए सिग्नल एप इंस्टॉल करने के लिए कहा था। सचिन तिहाड़ जेल में अमित गुलिया से मिला था। इसके बाद नंदू ने 18 फरवरी को सचिन से संपर्क किया और उसे राठी की हत्या की जिम्मेदारी सौंपी। सचिन ने अपने साथ आशीष उर्फ बाबा को शामिल कर लिया। 23 फरवरी को वे नांगलोई से बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन गए, जहां सचिन ने सेल्फी ली और नंदू को भेज दी। शूटरों का दूसरा ग्रुप नकुल और अतुल का था। वे आई 20 कार लेकर सचिन और आशीष के साथ हो लिए। अतुल चार पिस्तौल, 100 कारतूस और 2 लाख रुपये लेकर आया था। आई-20 कार का इंतजाम धर्मेंद्र ने गैंगस्टर नंदू के कहने पर किया था। बता दें कि 25 फरवरी को बहादुरगढ़ में बराही रेलवे क्रॉसिंग पर नफे सिंह राठी की 10 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दौरान उनके सहयोगी जयकिशन दलाल को भी 4 गोलियां लगीं, जिससे उनकी भी मौत हो गई।
-
गैंगस्टर नंदू ने ली थी हत्या की जिम्मेदारी
इसके साथ ही गैंगस्टर नंदू ने इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। उसने पोस्ट में लिखा था कि उसने यह मर्डर अपने जीजा और दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए किया है। हरियाणा पुलिस ने भी इस मामले में कोई सक्रियता नहीं दिखाई थी, तो उसे मजबूर होकर राठी का मर्डर करना पड़ा। गैंगस्टर नंदू दिल्ली पुलिस की अपराधियों की सूची में मोस्ट वांटेड है।
-
राठी की फॉर्च्यूनर में मिला जीपीएस ट्रैकर
हत्या के दो दिन बाद नफे सिंह राठी की फॉर्च्यूनर गाड़ी को पुलिस टोयोटा शोरूम ले गई थी। यहां जांच के दौरान उन्हें 8 गोलियां और 13 गोलियों के टुकड़े मिले थे। साथ ही गाड़ी के पिछले हिस्से में एक जीपीएस ट्रैकर भी लगा मिला था। जांच में पाया कि यह ट्रैकर अज्ञात नाम से नई दिल्ली के द्वारका में म्यूजिक कार दुकान से खरीदा गया था। सीबीआई का मानना कि गैंगस्टर नंदू ने एसयूवी की लाइव लोकेशन का पता लगाने के लिए आठ फरवरी से तीन मार्च के बीच यूके से लॉगिन क्रेडेंशियल संचालित किए थे।
डर के मारे गोली नहीं चला सका सुरक्षाकर्मी
सीबीआई की चार्जशीट के अनुसार, नफे सिंह राठी हत्यारों को कुछ कहना चाह रहे थे, लेकिन ताबड़तोड़ गोलियां चलने से वे कुछ नहीं कह पाए। वहीं, राठी के सुरक्षाकर्मी संजीत बचाव में गोली नहीं चला सका। चार्जशीट में कहा गया है कि ड्राइवर राकेश ने गुस्से में संजीत से कहा, चला ले न। जब मार जाएंगे, तो क्या फायदा, संजीत इतना डरा हुआ था कि गोली नहीं चला सका।
फरार चल रहे हैं अतुल प्रधान और नकुल
राठी हत्याकंड में पुलिस ने वारदात के बाद गोवा से दो शूटर आशीष और सौरव को पकड़ा। बाद में वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी उपलब्ध करवाने वाले धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने एक अप्रैल को नंदू गैंगस्टर के करीबी अमित गुलिया को मंडोली जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया। अमित ने ही नंदू के कहने पर शूटर सौरव और आशीष उपलब्ध करवाए थे। दो आरोपी नजफगढ़ निवासी अतुल प्रधान और नारनौल निवासी नकुल सांगवान अभी फरार चल रहे हैं। अब तक वारदात में प्रयोग किए गए हथियार भी बरामद नहीं हुए हैं।
-
नौ बिंदुओं पर जांच कर रही सीबीआई
-फरार चल रहे दो हमलावरों अतुल और नकुल को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
-वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी करना।
-एफआईआर में नामित आरोपियों नरेश कौशिक, करमबीर राठी, रमेश राठी, सतीश राठी, गौरव राठी, राहुल कमल की भूमिका की जांच करना, अपराध में उनकी भूमिका है तो सबूत एकत्रित करना।
-विक्रम वकील, मनीष राठी, मनोज राठी, रोहित डागर, संदीप राठी और विजेंदर राठी की भूमिका की जांच करना।
-सिग्नल एप, फेसबुक और व्हाट्स एप से मामले से संबंधित डेटा प्राप्त करना।
-प्रतीक्षित सीएफएसएल व बैलिस्टिक रिपोर्ट प्राप्त करना।
-मुख्य साजिशकर्ता कपिल सांगवान उर्फ नंदू की भूमिका स्थापित करना और इन हत्याओं के पीछे के असली मकसद का पता लगाना।
-सीसीटीवी फुटेज के रूप में किसी अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्य की संभावना का पता लगाना।
-कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के एंगल के बारे में जांच करना और बड़ी साजिश, यदि कोई हो, का पता लगाना।