सूत्रों के मुताबिक आरोपी अभिषेक को दिल्ली जेल से लाने के लिए पर्याप्त गारद नहीं थी और तिहाड़ जेल से राजू बसोदी को लाने के लिए संपर्क नहीं हो सका था। मामले में चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी (दक्षिण) ने पेश होकर अदालत में इस संबंध में जवाब दिया।
पेश हुए आरोपियों में से शुभम अभी यमुनानगर की सेंट्रल जेल, अभिषेक दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है। वहीं, राजन हरियाणा की नूंह जेल और मंजीत व दीपक बुड़ैल जेल में बंद हैं। मोहाली सेक्टर-88 स्थित एक होटल का मालिक रहा नयागांव निवासी धर्मेंद्र भी सुनवाई पर पहुंचा था। उस पर सोनू शाह के शूटरों को पनाह देने का आरोप है।
चार अगस्त को पेश हुआ था चालान
सोनू शाह हत्याकांड में चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपी दीपक उर्फ रंगा के खिलाफ बीते चार अगस्त को सप्लीमेंट्री चालान पेश किया था। इसके बाद सभी आरोपियों पर नए सिरे से आरोप तय किए जाने थे। ऐसे में मामले की पिछली सुनवाई पर अदालत ने धर्मेंद्र को छोड़ बाकी आरोपियों के गुरुवार के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किए थे। अदालत ने स्पष्ट किया था कि इन्हें वीसी के जरिए पेश न किया जाए। संबंधित जेल सुपरिंटेंडेंट के जरिए वारंट सर्व करवाने के आदेश थे। कहा गया था कि अगर आरोपी पेश नहीं होता है तो संबंधित जेल सुपरिंटेंडेंट को पेश होकर कारण की जानकारी देनी पड़ेगी।
दफ्तर में घुसकर चार शूटरों ने की थी सोनू की हत्या
प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह की हत्या बुड़ैल स्थित दफ्तर में घुसकर की गई थी। चार शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर वारदात को अंजाम दिया था। हमले में सोनू शाह के साथी जोगिंदर पहलवान और रोमी घायल हुए थे। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने इस मामले में 15 गवाह रखे थे और हत्या, हत्या के प्रयास, आपराधिक साजिश रचने समेत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने कुछ आरोपियों के खिलाफ जनवरी 2020 में चालान पेश किया था। इसके बाद मामले में दीपक उर्फ रंगा को छोड़ बाकी पर आरोप तय किए गए थे। अब नए सिरे से आरोप तय होने हैं। रंगा पर सेक्टर-15 में दो छात्रों की हत्या और मोहाली स्थित पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर आरपीजी हमले का मामला भी चल रहा है।
बता दें कि प्रॉपर्टी डीलर सोनू शाह का भाई प्रणीण शाह मामले में शिकायतकर्ता है। उस पर भी वर्ष 2020 में हमला हुआ था जिसमें वह बाल-बाल बचा था। इसके बाद उसे पुलिस सुरक्षा मिली थी। वह हाल ही में चंडीगढ़ पुलिस से जुड़े 1.01 करोड़ फिरौती मामले में नामजद हुआ था और फरार चल रहा है।