पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह बराड़ उर्फ गोल्डी बराड़ को कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने 25 मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया है। सूची में उसे 15वें स्थान पर रखा गया है। उस पर हत्या व हथियारों की तस्करी के आरोप हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि बराड़ कनाडा छोड़ चुका है और अब अमेरिका में रह रहा है।
‘बोलो बेवसाइट (बी ऑन द लुकआउट) प्रोग्राम’ सूची में उसका नाम शामिल है। यह वेबसाइट जनहित में जानकारी प्रसारित करती है। हालांकि नई दिल्ली में तैनात कनाडा के उच्चायोग ने एक बयान में कहा कि जून 2022 में बराड़ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद से कनाडा पुलिस का वांछित था। वहीं, अब उसे आसानी से गिरफ्तार किया जा सकता है।
गोल्डी बराड़ को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कुछ समय पहले दायर आरोप पत्र में बताया था कि गोल्डी के संबंध आतंकी संगठनों से हैं। गोल्डी को भारत लाने के लिए पंजाब व केंद्र सरकार काफी समय से प्रयास कर रही हैं। गोल्डी बराड़ पर पंजाब में 25 से अधिक केस दर्ज हैं। केंद्र सरकार ने कुछ समय पहले विदेश में छिपे 28 गैंगस्टरों व आतंकियों की सूची जारी की थी। इसमें भी गोल्डी बराड़ का नाम शामिल था।
29 मई 2022 को मानसा में सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई थी। गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया पर उसकी हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इसके बाद पुलिस ने गोल्डी समेत 44 से अधिक लोगों पर केस दर्ज किया था। इनमें से 30 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन गोल्डी बराड़ विदेश में होने से पकड़ में नहीं आया था। भारत ने काफी प्रयास कर इंटरपोल की मदद से उसे रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। वहीं, पुलिस ने 1850 पन्नों की जो चार्जशीट दायर की थी, उसमें भी गोल्डी का नाम शामिल है।