संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पशु चिकित्सा अस्पताल में पशु चिकित्सा छात्र संघ के सदस्यों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज 31वें दिन में प्रवेश कर गई। वित्त मंत्री के साथ बैठक का समय न मिलने के कारण छात्रों ने अब क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। डॉ. हर्षप्रीत कौर और डॉ. रितिशा पुन्नी ने क्रमिक भूख हड़ताल का पहला दिन शुरू किया है, रोजाना छात्र भूख हड़ताल पर बैठेंगे, जो संघ की मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों को मजबूत करने की सार्वजनिक प्रतिबद्धताओं के बावजूद सरकार की निरंतर उपेक्षा और बार-बार झूठे आश्वासनों पर गहरी निराशा व्यक्त की। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) का कोई भी मंत्री अभी तक छात्रों को संबोधित करने के लिए धरना स्थल पर नहीं आया है।
यूनियन ने पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से बार-बार मुलाकात की मांग की है। लेकिन पिछले कुछ महीनों में कई बार अनुरोध करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला है।
यूनियन की मुख्य मांग इंटर्नशिप वजीफे को 15,000 से बढ़ाकर 24,310 प्रति माह करने की है ताकि इसे पड़ोसी राज्यों में दिए जाने वाले वजीफे के बराबर किया जा सके। छात्रों ने ज़ोर देकर कहा कि वर्तमान वजीफा विश्वविद्यालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) द्वारा संयुक्त रूप से दिया जाता है। जिसमें पंजाब सरकार का कोई वित्तीय योगदान नहीं है।
यूनियन ने आगे चेतावनी दी कि अगर सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज करती रही। तो छात्र आने वाले दिनों में आमरण अनशन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि अगर अधिकारी कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं। तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।