केंद्रीय फूड प्रोसेसिंग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि फंडों की कमी से कोई विकास कार्य नहीं रुकना चाहिए। हरसिमरत वीरवार को बठिंडा, मानसा और मुक्तसर के विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों की बैठक में बोल रही थीं।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं के अधीन लाभपात्रों की लिस्टें तैयार करने के लिए चुने हुए नुमाइंदों की शमूलियत यकीनी बनाई जाए। इसके अलावा विजिलेंस और मानीटरिंग कमेटियों की बैठक में आदेश दिया कि बठिंडा में करवाए गए विकास कामों की पूरी रिपोर्ट उनको 15 दिनों में सौंपी जाए।
उन्होंने बैठक में कहा कि अधिकारी यह भी बताए कि कौन-कौन सा विकास कार्य पूरा हो चुका है और रहता काम कब तक पूरा होगा और गांव गांव में जाकर विकास कार्यों की प्रगति चेक की जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को हिदायत करते हुए कहा कि हर गांव को जाने वाली सड़क को अच्छा बनाया जाए और इस बात का खास ध्यान रखा जाए कि फंडों की कमी से विकास कार्य बंद न हों।
इसी तरह बादल ने सिंचाई विभाग और ट्यूबवेल कारपोरेशन के अधिकारियों को कहा कि रिपोर्ट पेश करें जिस में विभिन्न गांव में नहरी पानी की कमी और खाल ऊंचे व पक्के करने की जरूरत का विस्तार हो। सेहत विभाग के अधिकारियों को आदेश देते हुए हरसिमरत ने कहा कि जच्चा बच्चा की सेहत के साथ जुड़ी योजनाओं को सही ढंग से चलाया जाए और गरीब वर्ग की महिलाओं का खास ख्याल रखा जाए।