चंडीगढ़। सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में बुधवार को गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल की गई। कड़ाके की ठंड में रिहर्सल पूरी की गई। इस दौरान स्कूली बच्चों से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर उपायुक्त विनय प्रताप सिंह और एसएसपी कंवरदीप कौर भी मौजूद रही। सुबह 9:58 बजे डीसी विनय प्रताप ने ध्वजारोहण किया। उसके बाद चंडीगढ़ पुलिस, चंडीगढ़ महिला पुलिस, पंजाब पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और बैंड ने मार्च पास्ट किया। डीसी ने इसका अवलोकन किया। उसके बाद विभिन्न स्कूलों से पहुंचे बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।ठंड और धुंध बहुत ज्यादा होने के कारण परेड ग्राउंड में पहुंचे बच्चे और अन्य विभागों के कर्मचारी और अधिकारी ठिठुरते नजर आए। सबसे ज्यादा परेशानी उन स्कूली बच्चों को हुई जो सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने आए थे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने के लिए उनको हल्के कपड़े पहनने पड़े जिसके कारण वे ठंड से कंपकंपाते नजर आए। इस दौरान डीएसपी गुरमुख भी मौजूद रहे।