चंडीगढ़। पीओ एंड समन स्टाफ ने छह साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के मामले में जमानत के बाद से फरार चल रहे भगोड़े नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधारगृह भेज दिया गया।
एफआईआर के मुताबिक, छह साल की नाबालिग बच्ची की मां ने सेक्टर-36 थाने में बेटी से दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को दी शिकायत में उसने आरोप लगाया था कि उसने आरोपी को अपनी बेटी के साथ गलत काम करते देखा। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया था। वहां से जमानत पर छूटने के बाद आरोपी अगली तारीख पर अदालत नहीं पहुंचा। तीन दिसंबर 2021 को जुविनाइल जस्टिस बोर्ड के प्रधान सदस्य अमित सिहाग ने आरोपी को भगोड़ा करार दिया। पीओ स्टाफ ने सेक्टर-43 के बस स्टैंड के पास आरोपी को एक ऑटो से गिरफ्तार कर लिया।