मोहाली। अपूर्वा अपार्टमेंट के बाहर पुरानी रंजिश के चलते युवक ने दूसरे युवक के सिर में डंडा मारा। शिकायत पर सोहाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान नवदीप सिंह वासी अंबाला हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जिसे जमानत पर रिहा कर दिया गया है। शिकायतकर्ता जगमनदीप सिंह वासी अपूर्वा अपार्टमेंट सेक्टर-88 ने पुलिस को बताया कि 12 मई की रात को 10 बजे उसकी दोस्त चरनप्रीत कौर वासी मोगा का फोन आया कि उसका दोस्त उक्त आरोपी उसे खरड़ से लेकर सेक्टर-80 के सुनसान इलाके में छोड़कर चला आया है। शिकायतकर्ता जब चरणप्रीत कौर को लेने गया तो वह सेक्टर-80 के सुनसान इलाके में थी जिसे वह अपूर्वा अपार्टमेंट लेकर आ गया। जब वह अपने फ्लैट में जाने लगा तो वहां पहले से नवदीप सिंह अपनी कार में इंतजार कर रहा था। उसने उन्हें घेर लिया तभी नवदीप ने डंडा चरणप्रीत कौर के सिर पर मारने लगा तो जगमनदीप सिंह बीच में आ गया जिसके सिर पर डंडा लगा। उसके बाद जगमनदीप सिंह के दोस्त युवराज ने उसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
जांच अधिकारी हरविंदर सिंह ने मामले में बताया कि दोनों युवकों की पुरानी रंजिश चल रही थी। वह दोनों पहले भी कई बार एक-दूसरे पर हमला कर चुके हैं। हमले से कुछ दिन पहले भी उनकी किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी।