रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए महिलाओं को सीटीयू की ओर से मुफ्त सफर का तोहफा दिया गया है। सोमवार को शहर के लोकल 74 रूटों पर यह सुविधा दी जाएगी। सीटीयू की ओर से यह आदेश जारी कर दिए गए हैं। सीटीयू निदेशक अमित तलवार ने बताया कि शहर में 392 बसें चलाई जाएंगी। सीटीयू की ओर से यह तोहफा लोकल रूट की बसों में दिया जाएगा। लंबी दूरी की बसों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
वहीं रविवार को सेक्टर-17 और 43 बस स्टैंड पर घर पहुंचने की जद्दोजहद दिखी। इस दौरान सेक्टर-17 में वोल्वो और सामान्य बसों में यात्रियों की भीड़ दिखी। बस के लिए लोगों को 30 मिनट से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। दिल्ली जाने वाली सुनीता सिंह ने बताया कि वोल्वो की टिकट के लिए उन्हें दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें देरी से टिकट मिली। वहीं सेक्टर-43 बस स्टैंड से शिमला, कुल्लू, मनाली सहित अन्य स्थानों के लिए जाने वाली बसों में लोगों को जगह नहीं मिली।