चंडीगढ़। सिंगापुर में नौकरी लगवाने के नाम पर 5 लोगों से 12.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। करनाल के रहने वाले संजीव कुमार ने पुलिस को बताया कि सिंगापुर में नौकरी के लिए उनका संपर्क चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित योगी इंटरप्राइजेज के एजेंट संतोष सिंह से हुआ। उसने उन्हें और उनके चार साथियों को सिंगापुर भेजने के लिए पहले दिल्ली से चेन्नई फ्लाइट में भेजा। इसके एवज में सभी से ढाई-ढाई लाख रुपये लिए। जब वे चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे तो पता चला कि वीजा फर्जी है। इसके बाद उन्हें वापस भेज दिया गया। शिकायत पर सेक्टर-34 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।