मुल्लांपुर। विदेश भेजने के नाम पर 20.54 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान अविंदर कौर वासी पटियाला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता दवींदर कौर ने पुलिस को बताया कि वह अपने बेटे को कनाडा भेजना चाहती थी। इसके लिए उसने एक एजेंट से बात की। उसने इस काम के लिए उससे 25 लाख रुपये मांगे। पीड़िता ने उस पर यकीन कर उसको 22.54 लाख रुपये दे दिए लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उसने विदेश नहीं भेजा तो उसने उससे पैसे वापस मांगे। उसने दो लाख रुपये कैश और बाकी रुपयों का चेक बनाकर दे दिया। पीड़िता जब चेक लेकर बैंक गई तो वह चेक बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया गया।