चंडीगढ़। कनाडा का स्टडी वीजा लगवाने के नाम पर 19.29 लाख रुपये की ठगी के आरोपों में सेक्टर-36 थाना पुलिस ने सेक्टर-42 की एक इमीग्रेशन फर्म के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आपराधिक रूप से विश्वासघात करने, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में यह मामला दर्ज किया है। मामले में शिकायतकर्ता लुधियाना के बलजीत सिंह हैं। दायर शिकायत में कहा गया है कि सेक्टर-42सी स्थित आई अब्रोड एजुकेशन नामक इमीग्रेशन फर्म के लवीश महाजन, विवेक सैणी, गौरी मेहरा और एक महिला निदेशक व फर्म के अन्य कर्मियों ने उनके साथ 19.29 लाख रुपये की ठगी की है। शिकायत के मुताबिक कनाडा का स्टडी वीजा दिलवाने के नाम पर यह ठगी की गई। इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस की जांच जारी है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि स्टडी वीजा के लिए उन्होंने फर्म को फीस भरी मगर स्टडी वीजा नहीं दिया गया। शिकायतकर्ता द्वारा फर्म की भरी गई रकम की रसीदें भी सबूत के रूप में दी गई हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित फर्म उनसे रकम लेने के बावजूद पिछले एक वर्ष से कुछ नहीं बता रही है।