चंडीगढ़/मोहाली। पंजाब स्टेट साइबर सेल ने मोहाली से पांच राज्यों में चल रहे ऑनलाइन धोखाधड़ी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। स्टेट साइबर सेल की तीन टीमों ने बुधवार सुबह करीब चार बजे मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 में चल रहे तीन कॉल सेंटरों पर दबिश दी। यहां से करीब 40 युवाओं को हिरासत में लिया गया है। साइबर सेल अब इन युवाओं से पूछताछ कर रही है।
साइबर सेल की एक अधिकारी ने बताया कि इन कॉल सेंटरों से देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से ऑनलाइन धोखाधड़ी की जा रही थी। साइबर ठगों का नेटवर्क पंजाब के साथ हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और छतीसगढ़ तक फैला हुआ था। पुलिस के मुताबिक, एक कॉल सेंटर के मालिक को स्टेट साइबर सेल ने हिरासत में ले लिया है जबकि दो के मालिक पुलिस के छापे के बाद से फरार हैं। स्टेट साइबर सेल की टीम उक्त संचालक और हिरासत में लिए गए युवाओं से पूछताछ कर रही है।
सेल की एक अधिकारी ने बताया कि तीनों कॉल सेंटरों में छापे के दौरान कई लैपटॉप और रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। जिन युवाओं को हिरासत में लिया गया था, उनसे बुधवार देर शाम 7 बजे तक पूछताछ की गई। स्टेट साइबर सेल ने हिरासत में लिए गए युवाओं के इंप्लाई रिकॉर्ड और कामकाज की हिस्ट्री भी खंगाली। पूछताछ के बाद कुछ युवाओं को छोड़ दिया गया जबकि संदिग्धों से देर रात तक पूछताछ की जा रही थी।
फरवरी में ऑनलाइन जॉब फ्रॉड रैकेट का हुआ था भंडाफोड़
इससे पहले फरवरी में साइबर सेल ने असम के अलग-अलग जिलों से चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया था। ये चारों एक अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन जॉब फ्रॉड रैकेट से जुड़े थे। यह गिरोह टेलीग्राम मोबाइल एप के ग्रुपों का प्रयोग कर वर्क फ्रॉम होम की नौकरियों की पेशकश कर भोले-भाले व्यक्तियों को अपने जाल में फंसाता था। जांच में सामने आया था कि इस गिरोह ने 23 राज्यों के 160 पीड़ितों के साथ धोखाधड़ी की थी। इस मामले की जांच अभी जारी है।