चंडीगढ़। कनाडा में नौकरी और पीआर दिलवाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी के आरोप में सेक्टर-17 थाना पुलिस ने सेक्टर-17डी के एक एससीओ में ऑफिस चलाने वाले एक व्यक्ति और महिला पर केस दर्ज किया है। सिटी एनक्लेव-2, पभात, जीरकपुर निवासी सुरिंदर कुमार की शिकायत पर परमजीत सिंह और एक महिला के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता ने कहा ने आरोपियों ने उनके तीन लाख रुपये भी नहीं लौटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश रचने की धाराओं में दूसरा केस सेक्टर 39 थाना पुलिस ने दर्ज किया है। मामले में सेक्टर 55 पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक जसपाल सिंह शिकायतकर्ता हैं। दायर शिकायत में उन्होंने कहा है कि पलसोरा, सेक्टर 55 के पंकज कुमार गुप्ता (43) का बैंक में बचत खाता है और 9 अप्रैल, 2021 को उसने किसी विक्की वानी का डेढ़ लाख रुपये का चेक जमा करवाया था। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वह चेक पास हो गया था। इसके बाद 15 अप्रैल को विक्की ने बताया कि संबंधित चेक उनके हक में जारी हुआ था और वह एसबीआई, लुधियाना की शाखा से चोरी हो गया था। वह पंकज गुप्ता को जारी नहीं हुआ था। मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है।