आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा है कि पंजाब में बने चौथे फ्रंट से पार्टी को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में आप का विजय रथ चल रहा है और उन्हें किसी तरह से रोका नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल के क्षेत्र जलालाबाद और नकोदर में पार्टी की रैलियों में उमड़ती भीड़ से अकाली दल की नींद उड़ चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह उत्साहित हैं और चुनाव नतीजे पूरी तरह पार्टी के पक्ष में होंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता छोटेपुर विवाद पर उन्होंने कहा कि हाईकमान की ओर से बनाई गई जांच कमेटी मामले की तह तक जा रही है। उनकी रिपोर्ट पर ही सब निर्भर होगा।
आप पर पंजाबी और बाहरी के लगाए जा रहे आरोपोें पर उन्होंने कहा कि यह उन राजनीतिक दलों का षड्यंत्र है, जो आप की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाहट में आ गए हैं। जहां तक सिद्धू का सवाल है, उन्हें पूरी उम्मीद है कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहेंगे। परगट सिंह, सिद्धू और उनकी सोच वाले राजनीतिक नेताओं का वही मकसद है, जो आप का है।