चंडीगढ़। आईटी पार्क थाना क्षेत्र में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घर के बाहर खेल रही बच्ची को आरोपी टॉफी का लालच देकर साथ ले गया और उसके साथ हैवानियत की। मां की शिकायत पर आईटी पार्क पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाकर पड़ोस में रहने वाले आरोपी छोटू (20) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को शनिवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करेगी। वीरवार शाम को बच्ची घर के पास ही रही थी। खेलते-खेलते वह गायब हो गई। परिजनों ने आसपास ढूंढना शुरू किया। रात 10 बजे बच्ची मनीमाजरा में शीतला माता मंदिर के पास मिली। वह काफी डरी हुई थी। परिजनों ने बच्ची से पूछा तो पहले तो उसने कुछ नहीं बताया। बच्ची के शरीर पर खरोंच के निशान थे। रात को मां ने प्यार से पूछा तो बच्ची ने बताया कि छोटू चाचा टॉफी दिलाने के बहाने जंगल में ले गए थे और वहां गलत हरकत की। इसके बाद बच्ची की मां ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने तुरंत बच्ची का मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।