फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh News: चार साल का बच्चा खेलते हुए पांच फीट गहरे पानी के टैंक में गिरा, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली। गांव झामपुर में एक चार साल के बच्चे की पड़ोसी के मकान के सामने बने पांच फीट गहरे पानी के टैंक में गिरने से मौत हो गई। बच्चे को परिजन करीब तीन घंटे बाद ढूंढ पाए और उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला। बच्चे की पहचान टिंकू पुत्र दौलतराम के रूप में हुई है और वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं।जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक हादसा सोमवार सुबह करीब आठ बजे उस समय हुआ जब टिंकू खेलते-खेलते घर के बाहर निकल गया। इसका पता उसके घरवालों को नहीं चला और वह पड़ोस के मकान के आंगन में वहां पहुंच गया जहां एक पांच फीट गहरा पानी का अंडरग्राउंड टैंक बना हुआ था। बच्चा खेलता-खेलता अचानक इस पानी के टैंक में गिर गया और इसकी भनक किसी को नहीं लगी। जब कुछ समय बाद मां को टिंकू घर में सामने दिखाई नहीं दिया तो वह उसको ढूंढने लगीं। उसने अपने पति को बताया तो वह भी यह सुनकर घबरा गया और इसके बाद पूरी गली में शोर मच गया और सभी उसको ढूंढने लगे। इसी दौरान जब पड़ोसी की नजर अपने पानी के टैंक की ओर गई तो देखा कि बच्चे का शव उसमें तैर रहा था। इस पर उसने तुरंत परिवार को वहां बुलाया।
विज्ञापन

जबकि करीब तीन घंटे पहले बच्चा इस टैंक में गिरा था। इसके बाद पड़ोसी ने ही उसका शव बाहर निकाला, उसका शरीर पूरी तरह से अकड़ा गया था। सभी की आंखों में आंसू आ गए और मां के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। पिता बच्चे को तुरंत फेज-6 के सिविल अस्पताल लेकर गए, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद बच्चे के शव परिवार को सौंप दिया गया।


बुआ ने शव के पास सुनाया शिव पुराण का पाठ

अस्पताल में भतीजे के शव के पास खड़ी बुआ उसे फोन से शिव पुराण का पाठ सुना रही थी। बुआ ने बताया कि टिंकू को शिव पुराण का पाठ सुनना पसंद था। आंखों में आंसू लिए बुआ अपने दुलारे को अंतिम बार शिव पाठ सुना रही थी। यह मंजर देख वहां खड़े मेडिकल स्टाफ की भी आंखें नम हो गई।
विज्ञापन



पहले भी टैंक में गिरने से हुई थी दो बच्चों की मौत

इससे पहले भी दो बच्चों की पानी के टैंक में गिरने से मौत हो चुकी है। 23 दिसंबर 2023 को सेक्टर-78 के एक निर्माणाधीन घर के करीब आठ फुट अंडरग्राउंड वाटर टैंक में दो साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई थी। मृतक की पहचान कृष्णा के रूप में हुई थी जो मां-बाप की इकलौती संतान थी। वहीं, 2 मार्च 2024 को भी सेक्टर-89 में सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाले परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, जब उन्हें पता लगा कि उनकी डेढ़ साल की बच्ची की पानी के स्टोरेज टैंक में डूब गई है। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें