सरकारी स्कूलों में 10वीं बोर्ड का रिजल्ट खराब आने के बाद चार शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया। शिक्षा विभाग के आलाधिकारियों ने मीटिंग के बाद यह फैसला लिया। सस्पेंड हुए टीचर्स में दो टीचर्स जीएमएसएसएस-38 वेस्ट, गवर्नमेंट हाईस्कूल सेक्टर-25 की एक टीचर और एक शिक्षक खुड्डा अलीशेर की हैं।
शिक्षा विभाग ने पहले टीचर्स और स्कूल के प्रिंसिपल को शो काज नोटिस जारी किया था। अब शिक्षा विभाग टीचर्स पर कार्रवाई कर रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल वेस्ट-38 के पुनीत शर्मा, पवन कुमार को सस्पेंड किया।
वहीं गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल खुड्डा लाहौरा के गणित के अध्यापक विजेंदर शर्मा और गवर्नमेंट हाईस्कूल सेक्टर -25 की टीचर जसप्रीत को सस्पेंड कर दिया गया। जीएमएसएसएस -38 के पुनीत शर्मा पंजाबी केे टीचर्स के तौर पर काम करते थे। वह सोशल स्टडी और इंग्लिश पढ़ाते थे। उन्हें भी सस्पेंड कर दिया गया।
सरकारी स्कूलों से इस बार 10,850 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। इसमें सिर्फ 5567 बच्चे ही पास हुए थे। 48 फीसदी स्टूडेंट्स फेल होने के बाद शिक्षा विभाग ने टीचर्स और प्रिंसिपल पर कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया। रिजल्ट खराब आने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से शहर के सरकारी स्कूलों के टीचर्स की छुट्टी कैंसिल कर दी गई। इसके बाद शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी स्कूलों कें प्रिंसिपल और सब्जेक्ट टीचर्स से शो काज नोटिस जारी कर यह पूछा है कि रिजल्ट इस बार क्यों खराब आया है। इसका मुख्य कारण क्या है। सभी टीचर्स को इसके लिए जवाब देना है।
इस लिए किया गया सस्पेंड
सबसे ज्यादा खराब रिजल्ट देने वाले स्कूलों में जीएमएसएसएस-38 का नाम रहा है। यहां पर केवल 7.94 फीसदी पास प्रतिशत रहा है। स्कूल के 92 फीसदी स्टूडेंट्स फेल हो गए थे। स्कूल से इस बार 126 बच्चों ने दसवीं की परीक्षा दी थी। इसमें सिर्फ10 स्टूडेंट्स पास हुए। इसके अलावा अन्य स्कूलों का रिजल्ट भी 25 फीसदी से कम है। इस कारण शिक्षा विभाग संबंधित टीचर्स पर कार्रवाई कर रहा है।
शहर के सरकारी स्कूलों का रिजल्ट आया है कम
स्कूल पास प्रतिशत
जीएमएसएसएस सेक्टर-38 वेस्ट- 7.94
जीएमएचएस सेक्टर-22 सी 8.11
जीएमएचएस करसान 13.1
जीएमएचएस सेक्टर- 11 15.09
जीएमएचएस सेक्टर-38 बी 15.38
जीएमएचएस -19 18.92
जीएमएचएस सेक्टर-25 19.35
जीएमएचएस धनास 19.79
जीएसएसएस खुड्डा अली शेर 19.83
जीएमएचएस सेक्टर-31सी 21.43
जीएचएस सेक्टर-24 21.88
जीएमएचएस सेक्टर-7 22.03
चंडीगढ़ शिक्षा सचिव बंसी लाल शर्मा ने कहा कि, 10वीं का रिजल्ट बहुत खराब आया है। सरकारी स्कूलों का रिजल्ट इस बार 48 फीसदी हैं। कई स्कूलों के रिजल्ट 10 फीसदी भी नहीं हैं। हमने चार टीचर्स को सस्पेंड किया है। सभी स्कूलों के शिक्षकों की जांच की जा रही है। जो भी शिक्षक इसमें दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।