नोएडा से चंडीगढ़ के सेक्टर-27 में किराए पर रहने आई बॉलीवुड अभिनेत्री से चाकू की नोक पर लूटपाट और छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने सात-सात साल की कैद और 50-50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।
सजा पाने वाले दोषियों की पहचान मोहाली के शाहीमाजरा गांव के रहने वाले अर्जुन, गांव मटौर के रहने वाले अर्जुन श्रेष्ठ, फेस-4 के रहने वाले ऑटो चालक प्रेम उर्फ मोटू और सेक्टर-70 के रहने वाले सुनील उर्फ बिहारी के रूप में हुई है।
सेक्टर-26 थाने में करीब ढ़ाई साल पहले दर्ज मामले में आरोपियों के वकील ने चारों को झूठे केस में फंसाए जाने की दलील देते हुए बेगुनाह बताया। वहीं, मामले में सरकारी वकील जेपी सिंह ने आरोपियों के पास से बरामद नकदी समेत कई अहम तथ्य और सबूतों को पेश कर आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद चारों आरोपियों को दोषी करार देते सजा सुनाई।
क्या था मामला...
दर्ज मामले के तहत 7 सितंबर को दोपहर के वक्त कंट्रोल रूम पर सेक्टर 26 थाना पुलिस को सेक्टर-27 स्थित कोठी में लड़ाई झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब पीड़िता के बयान दर्ज किए तो पता चला कि मामला लूटपाट और छेड़छाड़ से संबंधित है।
पुलिस को दी शिकायत में अभिनेत्री ने बताया कि वह एक माह पहले ही सेक्टर 27 स्थित एक कोठी की दूसरी मंजिल पर किराए पर रहने के लिए आई थी। उन्होंने अपने घर के लिए कुछ फर्नीचर तैयार कराया था। इसकी कुछ पेमेंट कर दी। इस दौरान कुछ और फर्नीचर लेने की बातचीत चल रही थी। वारदात से पहले 30 अगस्त को उनके घर कुछ लोग फर्नीचर लेकर आए थे। वह फर्नीचर रख रहे थे इस दौरान पीड़िता की बात पेमेंट को लेकर फर्नीचर शॉप के संचालक से हो रही थी।
फर्नीचर रखने के बाद सभी लोग चले गए थे। पीड़िता के मुताबिक वारदात वाले दिन दोपहर वह घर के दूसरे मंजिल पर अकेली थी। नीचे ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले कोठी के मालिक बाहर गए थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ग्राउंड फ्लोर और दूसरी मंजिल की नौकरानी एक ही है। इसके चलते नीचे से ऊपर आने के लिए गेट खुला ही था।
वह घर में बैठी थी कि अचानक तीन लोग दाखिल होते हुए उसकी तरफ झपटे। इस दौरान एक आरोपी ने उसके गले पर चाकू लगा दिया। वहीं दूसरा आरोपी घर में रखे पैसे की मांग करने लगा। इस दौरान आरोपियों ने उसके एटीएम का पासवर्ड पता कर लिया। इसके बाद आरोपी पीड़िता के खाते से 20 हजार रुपये निकाल लाया।
इसी बीच चाकू लेकर खड़े आरोपी को धक्का देकर पीड़िता ने खुद को बेडरूम में बंद कर लिया। जब आरोपी जबरन जाली काटकर अंदर दाखिल होने लगे तो उसने खुद को कमरे से लगे वॉशरूम में लॉक कर लिया। इस दौरान आरोपी वॉशरूम में लगे एग्जास्ट की जाली तोड़ने की कोशिश करते हुए पीड़िता से पैसे की डिमांड की। आरोपी धमकाने लगे कि उसने पैसे उसे नहीं दिए तो उसकी हत्या कर देंगे। इसके डर से पीड़िता ने कमरे में रखे छह लाख रुपये निकालकर फेंक दिए। पैसे लेने के बाद आरोपी फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी।