खेत में पानी के लिए सबमर्सिबल लगा रहे थे कि अचानक मौत आई और चार लोगों को अपने साथ ले गई। 11 हजार वोल्ट की तारों ने उनकी जान ले ली। घटना हरियाणा के फतेहाबाद की है। शहर आठ किलोमीटर दूर गांव हिजरावांकलां के चार परिवारों के लिए सोमवार की रात काल बन कर आई और चार लोगों को अपना शिकार बना कर ले गई।
सोमवार देर रात तकरीबन 11 बजे के करीब खेत में सबमर्सिबल टयूबवैल के लिए पाइप डालते समय करंट लगने से गांव के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन युवक भी शामिल हैं। उनकी पहचान 56 वर्षीय कश्मीर सिंह, 25 साल के राजप्रीत, 25 साल का ही गुरदास सिंह और 30 साल के हरफूल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही हिजरावांकलां गांव में हाहाकार मच गया और आनन-फानन में लोग हादसे का शिकार हुए चारों लोगों को लेकर फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचे जहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने चारों लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शवों का आज फतेहाबाद में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
मौके पर ही चारों ने दम तोड़ दिया
बिजली का करंट लगने से चार लोगों की मौत
गांव के सरपंच धर्मवीर अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि हिजरावां कलां के कश्मीर सिंह के खेत में सबमर्सिबल मोटर लगाई जानी थी। मोटर लगाने के बाद कश्मीर और बाकी तीनों युवक पाइप को पकड़े हुए और थे इसी दौरान लोहे की पाइप ऊपर से गुजरती 11 हजार वोल्टेज तारों से छू गया और एक जोरदार धमाके के साथ चारों लोग हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
मृतकों के शवों को अस्पताल पहुंचने के साथ भारी तादाद में सैंकड़ों ग्रामीण और पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी। मृतकों के परिवार की महिलाओं के विलाप एवं चिल्लहाटों से पूरा अस्पताल परिसर कांप उठा और इस घटना के बारे में सुनकर अस्पताल में पहले से उपचाराधीन मरीज एवं उनके परिजनों की आंखों से भी आंसू आ गए।
सदर एसएचओ रूपेश चौधरी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने रात को ही पोस्टमार्टम रूम में शवों की जांच की और सिविल सर्जन से कहकर सुबह शीघ्र चारों शवों के पोस्टमार्टम करवाने का आग्रह किया। मृतकों के शवों का आज दोपहर को गांव में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
'खेत में सबमर्सिबल के लिए पाइप डालते समय पाइप ऊपर से गुजरती हाईवोल्टेज तारों को छू गई जिसके चलते हिजरावांकलां के चार लोगों की करंट लगने से मौत हो गई है। शवों का पोस्टमार्टम आज करवाया जाएगा।
- रूपेश चौधरी, सदर एसएचओ, फतेहाबाद