कार में सवार शिवानी, सनातन, कोविंद, महिला मृदुला, सरिता, चालक इस्माइल क्षतिग्रस्त कार के बीच ही फंस गए। वाहनों के बीच हुई भिड़ंत से टोल के आसपास राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने कार में फंसे लोगों को निकालने के प्रयास शुरू किए और हादसे की सूचना पुलिस को दी।
करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला जा सका। इस दर्दनाक हादसे में सनातन नामक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दोनों बच्चे, दोनों महिलाएं व एक अन्य व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से घायलों को करनाल के अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सक ने दोनों बच्चों सनातन (17), कोविंद (13) को मृत घोषित कर दिया, जबकि सरिता (55) व शिवानी (40) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल मृदुला व चालक इस्माइल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृदुला की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, कार सवार चंडीगढ़ जा रहे थे।
कैश लेन में खड़ी थी कार, अचानक हुआ धमाका
प्रत्यक्षदर्शी तिलक राज, अखिलेश व अन्य के मुताबिक, अरटिगा कार टोल प्लाजा की कैश लेन की तरफ बढ़ी। इस कार के आगे एक टैंकर धीरे-धीरे टोल की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में एक ट्रक आया और उसने अरटिगा कार को जबरदस्त टक्कर मारी। कार ट्रक व टैंकर के बीच में बुरी तरह से फंस गई। कार में सवारों को बचाने के लिए आस-पास के लोग दौड़ पड़े और उन्होंने कार की खिड़कियों व शीशों को तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों के जरिये घायलों को अस्पताल भिजवाया। लोगों का आरोप है कि हादसे के करीब एक घंटे के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
डीएसपी और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रामदत्त, थाना प्रभारी तरसेम चंद व पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
टोल प्लाजा पर हुई सड़क दुर्घटना में दो बच्चों सहित चार की मौत हो गई है। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, जबकि घायल महिला व चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, मृतकों के परिजनों से संपंर्क साधा जा रहा है, अभी उनके स्थायी पते की जानकारी नहीं मिल पाई है, वैसे शिमला के बताए जा रहे हैं। -तरसेम सिंह, थाना प्रभारी।