खरड़। इलाके में चोरी की बाइक पर लूटपाट और चोरी की वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे चार लोगों को पुलिस ने दो जगहों से पकड़ा है। थाना सिटी खरड़ पुलिस ने दो अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह बंदराल हाल वासी माता गुजरी एनक्लेव खरड़ व स्थायी वासी जम्मू-कश्मीर सागर उर्फ लक्की हाल वासी संतेमाजरा व स्थायी वासी जालंधर, अजय कुमार वासी गांव खानपुर और मोखा सिंह वासी गांव रंगीलपुर जिला रोपड़ के रूप में हुई है।
पहले मामले में पुलिस ने संदीप और सागर को दशहरा ग्राउंड के पास से सूचना पर गिरफ्तार किया। पुलिस की टीम वहां पर गश्त कर रही थी कि तभी मुखबिर ने बताया कि उक्त आरोपी पहले कई चोरियां कर चुके हैं और चोरी की बाइक पर गिल्को वैली से खरड़ की ओर आ रहे हैं। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी कर उक्त आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने जब उनसे कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सके।
दूसरे मामले में मुखबिर ने पुलिस को बताया था कि अजय और मोखा सिंह दोनों चोरियां करते हैं। इस पर पुलिस ने एमसी पार्क अस्पताल रोड के पास गश्त के दौरान मॉडर्न वैली खरड़ के पास बाइक पर घूम रहे अजय और मोखा सिंह को रोका। पुलिस ने बाइक के दस्तावेज मांगे तो वे नहीं दिखा सके। पुलिस ने सख्ती से पूछा तो उन्होंने माना कि बाइक चोरी की है और वह इलाके में चोरी करने की फिराक में थे।