सीसीटीवी फुटेज से हुई संदिग्धों की पहचान, लुधियाना के रहने वाले आरोपियों ने मेहतपुर बैंक में बुजुर्ग की चुराई थी नकदी
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक की मेहतपुर शाखा में बुजुर्ग महिला के 40 हजार रुपये की चोरी के मामले में कथित संलिप्तता के लिए तीन महिलाओं सहित चार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अनन्या पुत्री वीरू मध्य प्रदेश हाल वासी रेलवे स्टेशन लुधियाना, सलोनी पत्नी प्रदीप मध्य प्रदेश और भावना पुत्री नंदकिशोर निवासी राजस्थान हाल वासी रेलवे स्टेशन लुधियाना के देविंदर शर्मा के रूप में हुई है।
एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख ने बताया कि ये गिरफ्तारियां 27 अगस्त को एक बुजुर्ग महिला जसबीर कौर द्वारा दी गई शिकायत के बाद की गईं। पीड़िता ने शिकायत में बताया था कि बैंक परिसर में एक अज्ञात महिला ने उनसे 40 हजार रुपये की नकदी चुरा ली थी। इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति ऑटो-रिक्शा में बैठकर भाग गए थे। थाना मेहतपुर प्रभारी ओंकार सिंह बराड़ की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बैंक और आसपास के इलाकों से सीसीटीवी फुटेज का इस्तेमाल किया। पुलिस ऑटो-रिक्शा को फालो करती हुई आरोपियों तक पहुंच गई। थाना मेहतपुर में बीएनएस की धारा 304 के तहत दर्ज केस किया गया था।