राज्य के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने कहा कि तीन वर्ष में राज्य के मुख्य मार्गों को फोर एवं सिक्स लेन बनाने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। एसएएस नगर (मोहाली) और अन्य कस्बों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह बात उन्होंने सन्नी एन्क्लेव में यूथ अकाली दल द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में मौजूद को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि व पंजाब का खजाना खाली होने का झूठा प्रचार कर रहे हैं, लेकिन राज्य के पास धन की कोई कमी नहीं है। मोहाली शहर को सूचना टेक्नालॉजी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है।
आईटी कंपनी इन्फोसिस का बड़ा कैंपस यहां स्थापित किया जा रहा है। इसके स्थापित होने के बाद तीन वर्ष में 20 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी। सरकार ने लोगों की विभिन्न सेवाओं के लिए 147 सेवाएं ऑन लाइन की हैं।
इस मौके पर उन्होंने रक्तदान शिविर लगाने वाले क्लब को पांच लाख रुपये वित्तीय मदद देने की घोषणा की। समागम को पूर्व केंद्रीय मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया ने भी संबोधित किया। अकाली-भाजपा लोकसभा हलका श्री आनंदपुर साहिब प्रत्याशी प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने भी विचार रखे।
इस मौके पर युवा अकाली नेता हरजिंदर सिंह, बीबी कुलदीप कौर कंग, बलजीत सिंह कुंभड़ा, परमिंदर सिंह सोहाना, सन्नी एन्क्लेव के एमडी जरनैल सिंह बाजवा, परमजीत सिंह काहलो, रमनदीप सिंह आदि मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान किया।