मोहाली। पुलिस ने गश्त के दौरान चेकिंग करते हुए शहर में दो अलग-अलग जगह पर सट्टा और जुआ खेल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोहाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में आरोपियों की पहचान सोम दत्त और शिव लाल दोनों वासी सोहाना के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि उक्त आरोपियों ने गांव सोहाना सैनी बाग में दड़ा-सट्टा लगा रखा है। वहीं, लोगों को आवाज मारकर 10 रुपये के बदले जीतने पर 70 रुपये देने और नंबर न आने पर पैसे जब्त करने की बात कह रहे हैं। इस पर दबिश देकर पुलिस ने शिव लाल को पकड़ा लिया और वहीं सोम दत्त पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
दूसरे मामले में आरोपियों की पहचान रजन ओरिया वासी कुंभड़ा, प्रमोद रावत वासी सोहाना और वरिंदर सिंह वासी चुंगियां माणक माजरा के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह सेक्टर-78 और 79 की लाइट के पास टीम के साथ गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी की उक्त आरोपी सैनी बाग में जुआ खेल रहे हैं। इस पर पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।