फतेहगढ़ साहिब। श्री गुरु गोबिंद सिंह के महान सेवादार दीवान टोडरमल जी की याद में नए निवास का शिलान्यास शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने किया। इस निवास का निर्माण बाबा हरबंस सिंह जी कार सेवा वालों के सहयोग से किया जा रहा है।
नए निवास में 186 कमरे और 10 बड़े हाल बनाए जाएंगे जिससे फतेहगढ़ साहिब में आने वाली संगत को शहीदी सभा और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान ठहरने में सुविधा मिलेगी।एसजीपीसी अध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि दीवान टोडरमल जी ने गुरु जी की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उनके द्वारा किए गए महान कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने बताया कि मुगलों के अत्याचारों के बावजूद दीवान टोडरमल जी ने शहीद बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी के अंतिम संस्कार में सोने की अशर्फियां बिछाकर भूमि खरीदी थी। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य में एसजीपीसी पूरा सहयोग प्रदान करेगी और संगत को बेहतर सेवा देने का प्रयास करेगी। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी भाई हरपाल सिंह, एसजीपीसी सदस्य अवतार सिंह रिया और मैनेजर गुरदीप सिंह कंग भी मौजूद थे।