बठिंडा के परिंदा रोड पर रहने वाले पंजाब पुलिस के पूर्व हवलदार ने घर में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान अजायब सिंह (65) के रूप में हुई है। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही। थाना कैंट पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक बेटे करनपाल सिंह के बयान पर 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस के पूर्व हवलदार अजायब सिंह परिवार के साथ परिंदा रोड पर रहते थे। शनिवार को शाम जब उनकी पत्नी और पुत्रवधू घर के काम में व्यस्त थी तो पूर्व हवलदार ने कमरे में पगड़ी से पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वारदात के समय मृतक का बेटा किसी काम से बाहर गया था। घटना का पता उस समय चला जब पूर्व हवलदार की पत्नी किसी काम से पति के कमरे में गई।
सूचना मिलने पर पहुंची थाना कैंट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। थाना कैंट के इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने रविवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उनके बेटे करनपाल सिंह के बयान 174 की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि पूर्व हवलदार मानसिक तनाव में थे। बता दें कि दो दिन पहले पंजाब पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर ने मानसिक परेशानी के कारण सिर में गोली मारकर हत्या कर ली थी।
मानसिक तौर पर परेशान एएसआई ने की खुदकुशी
उधर, मुक्तसर में मानसिक तौर पर परेशान एक एएसआई ने अपने घर में पगड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना सिटी प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि अबोहर रोड मंडेर कॉलोनी निवासी एएसआई सुखदेव सिंह (48) ने अपने घर में ही चौबारे में पगड़ी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। एएसआई सुखदेव सिंह एसएसपी की कोठी में तैनात थे।
मृतक के पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि सुखदेव सिंह मानसिक रूप से परेशान थे और सुबह अपने कमरे में नहीं थे। इसके बाद जब वह चौबारे पर गए तो देखा कि सुखदेव सिंह ने चौबारे में अपने सिर पर बांधी दस्तार से फंदा लिया है। उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत थाना सिटी पुलिस को दे दी। थाना सिटी पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।