पूर्व रणजी ट्राफी क्रिकेटर राकेश हांडा ने एक बार फिर देश की प्रमुख क्रिकेट एसोसिएशन में से एक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वीरवार को प्रेस क्लब में हांडा ने पत्रकार वार्ता बुलाकर पीसीए के प्रशासनिक तंत्र पर न केवल गंभीर आरोप लगाए, बल्कि बरती जा रही तमाम अनिमितताओं का भी खुलासा किया।
उन्होंने पीसीए की कारगुजारी को लेकर बीसीसीआई प्रमुख सौरव गांगुली को शिकायत भेजी है। उन्होंने पीसीए के पदाधिकारियों पर कथित रूप से फिक्सिंग में संलिप्त होने के आरोप लगाए। इस कड़ी में एक वायरल ऑडियो का भी उन्होंने जिक्र करते हुए दावा किया कि इसमें फिक्सिंग को लेकर दो पक्षों के बीच बातचीत की जा रही है।
हालांकि दावे के मुताबिक, ऑडियो में दोनों पक्षों की बातचीत में फिक्सिंग जैसी कोई बात स्पष्ट नहीं हो पा रही है। हांडा ने कहा कि वह एक ईमेल द्वारा बीसीसीआई व पीसीए के सभी पदाधिकारियों को जानकारी दे चुके हैं, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है।
एक ऑडियो क्लिप में बातचीत
राकेश हांडा ने दावा करते हुए कहा कि ऑडियो क्लिप में बातचीत में बेटिंग व अवैध बुकिंग की बातें हैं। ऑडियो क्लिप सबको भेजा है और वह चाहते हैं कि उसकी फॉरेंसिक जांच हो। उसकी सत्यता की जांच तीन फोरेंसिक एजेंसियां करें और पुलिस की फोरेंसिक एजेंसी भी जांच करे। वह इसका सारा खर्च खुद उठाने को तैयार हैं।
राकेश ने कहा कि वह 30 सालों से क्रिकेट से जुडे़ हैं। उन्होंने रणजी खेली है। 1980 में विजिटिंग ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाफ भी नॉर्थ इंडिया से खेले हैं। वह विजय क्लब अमृतसर को रिप्रेजेंट करते हैं। इंडियन क्रिकेटर एसोसिएशन के मेंबर भी हैं। हांडा ने 1 अक्टूबर को हुए इलेक्शन में भी धांधली का इल्जाम लगाया है।
साथ ही दावा करते हुए आरोप लगाया कि नॉन एक्टिव डिसक्वालिफाइड मेंबर से वोटिंग करवाकर इन्होंने मनमानी तरीके से पदाधिकारियों को चुना है। राकेश हांडा ने ज्वॉइंट सेक्रेटरी के जूनियर व सीनियर सेलेक्शन के दौरान मौजूद होने का आरोप भी लगाया है, जो लोढ़ा कमीशन का वॉयलेशन करता है।
एपेक्स बॉडी में युवराज सिंह जैसों को नहीं करते शामिल
हांडा ने आरोप लगाया कि पीसीए की एपेक्स बॉडी युवराज सिंह जैसे पेशेवर खिलाड़ी को भी शामिल नहीं करती। पेशेवर खिलाड़ियों को शामिल किए जाने के सवाल पर उनका कहना था कि हरभजन सिंह ने अभी संन्यास नहीं लिया है, जबकि युवराज को लेकर वह आवाज उठा रहे हैं।
सुरजीत राय ने हांडा पर मानहानी की दी चेतावानी
मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। ऑडियो क्लिप चुनाव के दौरान भी उजागर की गई। मैं कहता हूं कि इसकी फोरेंसिक जांच होनी चाहिए। 35 सालों से क्रिकेट की सेवा कर रहा हूं। राकेश हांडा डीडीए.के सदस्य हैं, ऐसे में उन्हें पीसीए का सदस्य नहीं बनाया जा सकता हैं। अब मैं राकेश हांडा पर मानहानि का केस कंरूगा।
- सुरजीत राय, ज्वॉइंट सेक्रेटरी पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन