आज सैलजा के नामांकन में सुरजेवाला और किरण रहेंगी मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के दो प्रमुख गुटों हुड्डा और एसआरके गुट में तनातनी जारी है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा सिरसा में कुमारी सैलजा छोड़कर सभी नौ प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल कराने के समय मौजूद रहेंगे। कुमारी सैलजा एक मई को नामांकन दाखिल करेंगी और इस दौरान रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी समेत अन्य नेेता मौजूद रहेंगे, लेकिन हुड्डा गुट ने इससे दूरी बना ली है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सचिव की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार एक मई को हुड्डा सोनीपत में सतपाल ब्रह्मचारी और करनाल से दिव्यांशु बुद्धिराजा का नामांकन दाखिल कराएंगे। दो मई को कुरुक्षेत्र से आप प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता और अंबाला में वरुण मुलाना का नामांकन दाखिल कराएंगे। तीन मई को भिवानी-महेंद्रगढ़ से प्रत्याशी राव दान सिंह, चार मई को रोहतक में दीपेंद्र हुड्डा और 5 मई को हिसार से जय प्रकाश का पर्चा भरवाएंगे। अभी गुरुग्राम सीट से प्रत्याशी के नामांकन का शेड्यूल तय नहीं हुआ है।
एक दिन पहले ही ऐसे में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा था कि अगर कुमारी सैलजा न्योता देंगी तो ही वे जाएंगे। इससे पहले बृजेंद्र सिंह को टिकट नहीं मिलने से नाखुश पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह पहले ही कह चुके हैं कि वह प्रचार में तभी शामिल होंगे, जब उन्हें बुलाया जाएगा।