पंचकूला। उपायुक्त महावीर कौशिक ने जी-20 प्रतिनिधिमंडल के पंचकूला दौरे के संबंध में की जा रही तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में बागवानी विभाग के निदेशक डॉ. अर्जुन सिंह सैनी भी उपस्थित थे। 31 मार्च को विभिन्न देशों के 180 प्रतिनिधि सर्वप्रथम पिंजौर के गांव चिक्कन का दौरा करेंगे। यादविन्द्रा गार्डन में पहुंचने के बाद सभी सदस्यों का बीन की धुन और नगाड़ों से भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात यादविन्द्रा गार्डन में ही रात्रि भोज का आयोजन किया जाएगा। बागवानी विभाग के निदेशक डॉ. अर्जुन सिंह सैनी ने बताया कि गांव चिक्कन पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल का किसानों और ग्रामीणों की ओर से परंपरागत ढंग से स्वागत किया जाएगा। गांव में विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे जहां प्रतिनिधिमंडल के सदस्य किसानों से पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में अपनाई जा रही कृषि पद्धति, आधुनिक फल रोपण पद्धति, आधुनिक कोल्ड स्टोर, मशरूम उत्पादन और काले चावल के उत्पादन आदि विषयों पर बातचीत करेंगे। इसके अलावा उन्हें नेट हाउस, पोली हाउस और खेतों का भ्रमण भी करवाया जाएगा। सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर एसडीएम पंचकूला ममता शर्मा, एसडीएम कालका रूचि सिंह बेदी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गगनदीप सिंह, एसीपी कालका राम कुमार, सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार, डिप्टी एसएमओ डॉ. विकास गुप्ता, तहसीलदार पंचकूला पुन्यदीप शर्मा, तहसीलदार रायपुररानी विरेन्द्र गिल, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पिंजौर मार्टिना महाजन, जिला बागवानी अधिकारी अशोक कौशिक सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रतिनिधियों के लिए होगा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
सैनी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि गांव चिक्कन और यादविन्द्रा गार्डन में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त मोबाइल मेडिकल यूनिट की व्यवस्था की जाए। प्रतिनिधियों को हरियाणा की संस्कृति से रूबरू करवाने के लिए सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के कलाकारों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।