मोहाली। गांव जगतपुरा में बुधवार दोपहर एक फूड डिलीवरी बॉय पर हमला कर लूटपाट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया और उसका मोबाइल फोन, नकदी और सोने की चेन छीनकर भाग गए। घायल की पहचान गांव जगतपुरा निवासी अंशु कुमार के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अंशु कुमार फूड डिलीवरी का काम करता है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह काम से थककर अपने घर खाना खाने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचा, तभी चार अज्ञात युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया। आरोपियों ने उससे मोबाइल फोन और जेब में रखी नकदी देने की मांग की। अंशु के मुताबिक जब उसने विरोध किया, तो दो युवकों ने उसके हाथ पकड़ लिए, जबकि तीसरे युवक ने उसके पेट में चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद अंशु जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान आरोपी उसका मोबाइल फोन, डिलीवरी से जमा करीब 10 हजार रुपये नकद और गले में पहनी करीब ढाई तोले की सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को संभाला और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसके पेट में गंभीर चोट की पुष्टि की है। मामले की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।