Weather in Chandigarh: चंडीगढ़ में अगले तीन दिन तक घनी धुंध का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग की मानें तो अभी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन सुबह-शाम और रात को घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में मौसम के अलग-अलग अंदाज देखने को मिल रहे हैं। दिन में तेज धूप खिल रही है। वहीं सुबह-शाम और रात को घनी धुंध पड़ रही है। सोमवार रात शहर में घना कोहरा छाया रहा। हालांकि मंगलवार सुबह तक कोहरा छंट गया था और आसमान साफ होने की वजह से सुबह 9 बजे हल्की धूप भी निकल आई है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक ट्राईसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली) में घनी धुंध रहेगी। विभाग की तरफ से धुंध को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं शहर में अगले तीन दिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।
सोमवार को शहर में दिनभर तेज धूप खिली तो शाम ढलते ही मौसम में बदलाव आ गया। शाम को तेज ठंड के साथ रात को धुंध पड़ गई। मौसम विभाग ने 9 जनवरी तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 10 जनवरी को फिर से येलो अलर्ट जारी किया है।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 22.8 जबकि न्यूनतम 9.8 दर्ज किया गया है। पिछले तीन दिनों में शहर के तापमान में गिरावट के बजाय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह में मौसम किसी भी दिन करवट बदल सकता है और बारिश हो सकती है। वहीं, पिछले तीन दिनों से लगातार सुबह से शाम तक निकल रही धूप से शहरवासियों को काफी राहत भी मिली है। लेकिन सोमवार देर शाम को फिर से सड़कों पर धुंध के कारण घना अंधेरा छा गया था। लोगों को धुंध के कारण रास्ता दिखाई देने में काफी दिक्कतें हो रही थी और चालक अपने वाहनों के डिप्पर चलाकर वाहन चलाते नजर आए।