बरवाला। बुधवार रात को पहाड़ों में हुई भारी बारिश के चलते क्षेत्र से गुजरने वाली टांगरी नदी में वीरवार सुबह एक बार फिर बाढ़ आ गई। नदी के उफान पर होने के कारण पानी नदी के आसपास लगती किसानों के खेतों में घुस गया। इससे मक्का, धान, गन्ना व चारे आदि की फसल को नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र के किसान सुरजीत सिंह, राजकुमार, अंग्रेज सिंह आदि ने बताया कि नदी के ओवरफ्लो होने के कारण उनकी फसलों में रेत व चिकनी मिट्टी जमा हो गई है जिसके नीचे फसलें दबकर खराब हो गई हैं। तेज बहाव के चलते खेतों में बड़ी-बड़ी दरारें भी पड़ गई हैं। इससे आर्थिक नुकसान हो गया है। किसान अब खराब हुई फसलों के मुआवजे के लिए सरकार की ओर देख रहे हैं। वहीं, कालका विधायक प्रदीप चौधरी ने सरकार से किसानों को मुआवजा देने की मांग की है।