अगर आप हवाई जहाज से चंडीगढ़ से बाहर जाने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मरम्मत के कारण 19 मार्च को 36 फ्लाइटों का संचालन नहीं होगा। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने एयरपोर्ट प्रबंधन को इस बारे में काफी पहले आदेश जारी कर दिया था।
वहीं, सात विमानन कंपनियों की ओर से तीन हजार टिकट की बुकिंग की गई थी। इन टिकटों को रिफंड करवाया जाएगा। एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर आरके नेगी ने बताया कि एटीसी की तरफ से सूचना मिलने के बाद इन तारीख की टिकट बुकिंग नहीं की गई है।
जिन लोगों ने टिकट बुक करवाई भी थी, उन्हें सूचित कर दिया गया है, ताकि उन्हें यात्रा के दिन परेशानी न हो। एडवांस बुकिंग करवाने वाले उपभोक्ताओं का किराया रिफंड किया जाएगा। अगर कोई यात्री तब भी नहीं मानता है तो उसकेलिए स्पेशल गाड़ी की व्यवस्था कर दी जाती है और दिल्ली एयरपोर्ट से उन्हें उनके गतंव्य के लिए रवाना कर दिया जाता है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ सुनील दत्त ने बताया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने एयरपोर्ट अथॉरिटी और विमान कंपनियों को काफी पहले सूचना दे दी थी। तीन हजार टिकट बुक किए गए हैं। इन सभी के पैसे विमानन कंपनियां रिफंड करेंगी।