चंडीगढ़। सेक्टर-42 के न्यू लेक स्थित पॉम गार्डन की पार्किंग में बने ईवी चार्जिंग स्टेशन में हुई चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। यह चोरी पांच नाबालिगों ने चंद रुपयों के लिए की थी। चोरी के बाद उन्होंने सारा सामान पलसौरा के स्क्रैप डीलर को बेच दिया था। पुलिस ने पांचों नाबालिगों के साथ स्क्रैप डीलर का काम करने वाले मोहाली के दो व्यक्तियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल और सेक्टर-36 थाना पुलिस ने पांचों नाबालिग आरोपियों को सेक्टर-54 स्थित आदर्श कॉलोनी से पकड़ा है। इनकी निशानदेही पर ही दोनों स्क्रैप डीलर गिरफ्तार किए गए हैं। उनकी पहचान मोहाली स्थित झामपुर के रहने वाले 41 वर्षीय गंगा राम और सेक्टर-41 में रहने वाले 37 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से और भी कई खुलासे हो सकते हैं। 16 और 17 मार्च की रात में सेक्टर-42 स्थित पॉम गार्डन के साथ बनी पार्किंग में ईवी चार्जिंग स्टेशन में यह चोरी हुई थी। चोरी की वारदात का पता चलने पर शहर के सीसीएफ टीसी नौटियाल ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसके बाद सेक्टर-36 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी चरणजीत सिंह विर्क एवं डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल डीएसपी दिलशेर सिंह चंदेल की अगुवाई में टीम गठित की, जिसमें सेक्टर 36 थाना प्रभारी ओमप्रकाश और डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल इंस्पेक्टर जश्मींदर सिंह को शामिल किया।
चोरी के सात मदर बोर्ड, बिजली के मीटर, आयरन कवर, चार्जर बरामद
पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-54 के पांच नाबालिगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद पुलिस की टीमों ने पांचों नाबालिगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की तो बताया कि उन्होंने ही चोरी की वारदात को अंजाम देकर चोरी का सारा सामान सेक्टर-54 में दो स्क्रैप डीलरों को बेचा था। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो स्क्रैप डीलर को भी सेक्टर-54 से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ईवी चार्जिंग स्टेशन से चोरी के सात मदर बोर्ड, एमसीबी, बिजली के मीटर, आयरन कवर, चार्जर आदि बरामद कर लिया है।
आरोपियों ने कबूला, बच्चों से खरीदे चोरी के कई सामान
पांच नाबालिगों ने बताया कि उन्होंने ही सेक्टर-42 ईवी चार्जिंग स्टेशन की चोरी की वारदात को अंजाम दिया और उसके बाद चोरी की गई वस्तुओं को स्क्रैप डीलर गंगा राम और सेक्टर 42 निवासी मुकेश कुमार को पलसौरा में बेचा। आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्होंने घटना में संलिप्तता कबूल कर ली और खुलासा किया कि उन्होंने कई बच्चों से ऐसी चोरी की वस्तुएं थोड़ी रकम में खरीदी।