fish loded truck was overturned after hitting
- फोटो : amar ujala
चंडीगढ़- कालका हाईवे पर बने रेलवे लाइट प्वाइंट पर शनिवार को सुबह पौने 6 बजे एक मछलियों से भरा ट्रक, कार से टकराने के बाद पलट गया। टक्कर में कार सवार दो युवतियां तीन युवक बाल-बाल बच गए। जबकि ट्रक में लदी 70 टन मछलियों के बॉक्स सड़क पर गिरकर टूट गए।
जिसके बाद बॉक्स से निकलकर मछलियां सड़क पर बिखर गईं। ट्रक पलटने से ड्राइवर दिलबाग सिंह और उसके साथी क्लीनर सोनू को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पहुंची पीसीआर पुलिस ने दोनों को सेक्टर-32 के जीएमसीएच में भर्ती कराया। दोनों का अभी इलाज चल रहा है।
दोपहर तक सड़क पर लगा रहा जाम
ट्रक चंडीगढ़ से पंचकूला, कालका जाने वाली सड़क की तरफ पलटा था। जिसे वहां से उठाने में दोपहर के डेढ़ बज गए। जिस कारण लगभग 7 घंटे तक इस सड़क पर लंबा जाम लगा रहा है। जाम की स्थिति सेक्टर-26 रेलवे लाइट प्वाइंट तक देखने को मिली। वहीं आईटी पार्क थाना पुलिस ने जांच करते हुए ट्रक और कार को कब्जे में ले लिया था।
जांच अधिकारी ईएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की तरफ से आ रहा था। जबकि कार कालका, पंचकूला की तरफ से आ रही थी। जैसे ही कार रेलवे लाइट प्वाइंट के बीच आई तो मछलियों से भरे ट्रक ने कार को बचाने के लिए जोरदार ब्रेक मारी, उसके बाद भी ट्रक कार के अगले हिस्से से टकरा गया।