चंडीगढ़। सेक्टर-17 परेड ग्राउंड के पास मंगलवार अलसुबह सेक्टर-24 के रहने वाले अभिषेक विज (34) की हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। खून से सनी लाश बस स्टैंड को जाती सड़क पर मिली। अपराध शाखा ने देर शाम दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनको बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। हल्लोमाजरा के विजय कुमार उर्फ शिंटू (28) और पिपलीवाला टाउन मनीमाजरा के हरि (19) को सेक्टर-14 पंचकूला से गिरफ्तार किया गया। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज किया है। अपराध शाखा के डीएसपी उदय पाल ने बताया कि अपराध शाखा के इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में टीम ने आरोपियों को दबोचा।
सुबह वारदात वाली जगह पर मृतक के शव के पास उसकी चंडीगढ़ नंबर की कार मिली थी। गाड़ी के पास एक टूटा हेलमेट पड़ा था, जिससे बुरी तरह हमला कर यह हत्या की गई थी। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अभिषेक के शव को सेक्टर-16 जीएमएसएच पहुंचाया, जहां दोपहर बाद पोस्टमार्टम हुआ।
जानकारी के मुताबिक अभिषेक के साथ कार में उसके दो जानकार व्यक्ति भी सवार थे। अभिषेक ने उन दोनों के साथ पहले शराब पी थी। उसके बाद तीनों ने परेड ग्राउंड के पास सड़क पर कार से उतर कर भंगड़ा डाला। इसी बीच उनकी अभिषेक के साथ किसी बात पर उनकी गाली-गलौच हो गई। इसमें दोनों जानकारों ने अभिषेक के सिर और चेहरे पर हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया और अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इसमें दो व्यक्ति हमला करते नजर आ रहे हैं। पुलिस कॉल डिटेल खंगालने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात से पहले कार सेक्टर 17 शिवालिक व्यू होटल की तरफ से निकलते नजर आई। उसके बाद कार परेड ग्राउंड के पास मुख्य सड़क पर रुकी। यह वारदात सेक्टर 17 थाने से महज 100 मीटर की दूरी की है। मृतक अभिषेक के परिवार में उसकी पत्नी समेत भाई मां और भाई है। पिता की मृत्यु हो चुकी है। मृतक निजी सेक्टर में पुरुष नर्सिंग ऑफिसर था। वहीं, उसकी पत्नी भी मोहाली के एक बड़े निजी अस्पताल में कार्यरत है।
इस तरह चढ़े हत्थे
सूत्रों की मानें तो अभिषेक की हत्या करने के बाद हमलावर बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। हमले में एक हेलमेट बुरी तरह टूट गया था, जो मौक़े से बरामद हुआ। आरोपी शहर में लगे हाई रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे में भागते पुलिस नजर आए। सूत्रों के मुताबिक हमलावर हिमाचल नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस करने के बाद दबोच लिया। पुलिस गहनता से जांच में लगी हुई है।