माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। दिवाली को लेकर शहर में पटाखा बाजार सजने लगे हैं। शुक्रवार से चंडीगढ़ के 13 निर्धारित स्थानों पर ग्रीन पटाखों की बिक्री शुरू हो गई। प्रशासन ने इसके लिए 96 अस्थायी लाइसेंस जारी किए हैं। इस बार बाजार में करीब 10 करोड़ रुपये के पटाखे बिक्री के लिए आने का अनुमान है। शुक्रवार को सेक्टर-32, 49, मनीमाजरा और सेक्टर-43 में स्टॉल लग गए जबकि अन्य स्थानों पर तैयारी जारी है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए केवल सीएसआईआर-एनईईआरआई प्रमाणित ग्रीन पटाखे बेचने और चलाने की अनुमति है। सामान्य पटाखों, सीरीज क्रैकर्स और लड़ियों की बिक्री प्रतिबंधित है। बिना लाइसेंस बिक्री पर कार्रवाई होगी।