पंचकूला। प्रशासन की लापरवाही के कारण देर रात भयंकर हादसा हो गया। वीरवार तड़के तीन बजे सेक्टर-11 स्थित हैंडलूम के शोरूम और पीछे अवैध रूप से बनी बेकरी की दुकान में आग लग गई। शोरूम में आग लगने के कारण 2.80 करोड़ रुपये का सामान जल गया। इस दौरान दमकल विभाग के कर्मचारी 14 गाड़ियों सहित मौके पर पहुंचे और आठ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब 11 बजे आग पर काबू पाया गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि सिंह संस बेकर्स की ओर से नुकसान के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, दोनों दुकानदारों के पास फायर एनओसी नहीं थी। अब फायर विभाग की ओर से उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, नगर निगम मेयर कुलभूषण गोयल, डीसीपी सुमेर प्रताप सिंह, एसडीएम ममता शर्मा मौके पर पहुंचीं। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद अधिकारियों व मार्केट के दुकानदारों से मिलकर घटना की जानकार ली और स्वैच्छिक कोष से पीड़ित दुकानदार की आर्थिक मदद के लिए पांच लाख रुपये की राशि की घोषणा की। साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को आगजनी की घटना में हुई क्षति की रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
शोरूम में पीछे सिंह संस बेकर्स में लगी थी आग
सेक्टर-11 स्थित एससीओ नंबर 5 के पीछे सिंह संस बेकर्स की बेकरी की दुकान है। वार्ड नंबर 15 की पार्षद ओमवती पूनिया का घर दुकान के ठीक सामने है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 2.45 बजे जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी और वह घर से बाहर निकलीं तो सिंह संस बेकर्स की दुकान में आग लगी थी। इसके तुरंत बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस और फायर विभाग को दी। दुकान में आगजनी की वजह से सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकान में रखे डीप फ्रीज, एसी और स्कूटर भी जलकर खाक हो गया। उसके बाद धीरे-धीरे आग एससीओ पांच की दुकान गगन हैंडलूम के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर में फैल गई।
अवैध दुकानों की वजह से कई बार लग चुकी है आग सेक्टर-11 स्थित दुकानदारों ने बताया कि पिछले करीब एक साल में शोरूम दुकानों के पीछे बने अवैध दुकानों के कारण तीन बार आग लगने की घटना हो चुकी है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से अवैध तौर पर बनी दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करने जाने की मांग की। इससे पहले सेक्टर 11 की मेन मार्केट में जलसा होटल में आग लगने की घटना हो चुकी है। घटना के बावजूद होटल मालिक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
होर्डिंग तोड़ने में एक घंटे का लगा समय
हैंडलूम शोरूम के बाहर लगी होर्डिंग के कारण फर्स्ट फ्लोर पर फायर कर्मियों को आग को बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे के बाद होर्डिंग को तोड़कर हटाया गया। इसके बाद फायरकर्मी फर्स्ट फ्लोर पहुंचे। होर्डिंग को तोड़ने में करीब एक घंटे का समय खराब हुआ। इस दौरान गोदाम में रखा हुआ करोड़ों का सामान जलकर राख हो गया। होर्डिंग को तोड़ने के बाद फर्स्ट फ्लोर पर बने लोहे की ग्रिल को तोड़ने में क्रेन की मदद ली गई। इसके बाद ग्रिल टूटा और उसके करीब दो घंटे के भीतर फायर कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
दुकानों के बाहर से होर्डिंग हटवाने के आदेश
दुकानदारों ने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से कहा कि होर्डिंग की वजह से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। इसके तुरंत बाद हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद मेयर कुलभूषण गोयल और एसडीएम ममता शर्मा को शुक्रवार से शहर के दुकानों के बाहर नियम को ताक पर लगाए गए होर्डिंग को हटवाने को कहा। मेयर ने कहा कि शुक्रवार से दुकानों के बाहर गलत तरीके से लगे होर्डिंग को हटवाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
कोट्स...
दोनों दुकानदारों को नोटिस दिया जाएगा। इसके अलावा सभी दुकानदारों के फायर एनओसी चेक किए जाएंगे जिनके पास नहीं हो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-तरसेम सिंह, फायर ऑफिसर पंचकूला